बल्दीराय/सुलतानपुर 8 अप्रैल (आरएनएस)। बल्दीराय तहसील मुख्यालय पर गेहूं क्रय केंद्र न होने के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द यहां गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किया जाए, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
किसानों का कहना है कि सरकारी खरीद व्यवस्था न होने के चलते उन्हें मजबूरन अपने गेहूं को औने-पौने दामों पर व्यापारियों को बेचना पड़ रहा है। इससे उनकी मेहनत और लागत का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्थानीय किसानों के अनुसार, यदि तहसील मुख्यालय पर ही क्रय केंद्र खुल जाए, तो उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय व खर्च दोनों की बचत होगी। बल्दीराय तहसील क्षेत्र के किसान अमरजीत सिंह, शेषनाथ सिंह, राजमणि पांडे, शेर बहादुर सिंह, अरविन्द तिवारी आदि ने बताया कि गेहूं क्रय केंद्र न होने से क्षेत्र के किसान सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। किसानों ने यह भी कहा कि इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों से मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। किसानों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द बल्दीराय में गेहूं क्रय केंद्र खोला जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

