सुल्तानपुर 8 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत चलाए जा रहे महिला सुरक्षा अभियान को असामाजिक तत्व खुली चुनौती देते नजर आए। कोतवाली देहात क्षेत्र के श्याम नगर गांव स्थित खेल मैदान में प्रैक्टिस करने पहुंची लड़कियों के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ और मारपीट की घटना सामने आई है।
बताया जा रहा है कि कुछ युवक मैदान में पहुंचकर शराब पी रहे थे। खिलाडिय़ों द्वारा विरोध करने पर आरोपित युवक फौजदारी पर उतारू हो गए। विवाद बढऩे के बाद आरोप है कि उन्होंने रास्ते में खिलाडिय़ों की घेराबंदी कर जमकर मारपीट की और उत्पात मचाया। इस दौरान लड़कियों को धमकाने और छेड़छाड़ करने की भी बात सामने आई है। घटना से डरी-सहमी खिलाडिय़ों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। हालांकि स्थानीय स्तर पर संतोषजनक कार्रवाई न होने पर पीडि़त बच्चियों ने पुलिस अधीक्षक चारू निगम से शिकायत की। संयोगवश, जब पुलिस अधीक्षक चारू निगम आवास जा रही थीं, तभी उनकी नजर बच्चियों पर पड़ी। उन्होंने गाड़ी रुकवाकर बच्चियों को पास बुलाया और पूरा मामला जाना। शिकायत सुनने के बाद एसपी ने आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीडि़तों की ओर से झालापुर गांव के मोनू, करण, गोलू, आकाश समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

