लखनऊ 8 अप्रैल (आरएनएस )। थाना आशियाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना आशियाना में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, इस मामले में नामजद अभियुक्त को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं पीडि़ता को आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि घटना से संबंधित सभी आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा सकें और जांच को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य, अपर पुलिस उपायुक्त मध्य तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैंट स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा जांच को त्वरित और निष्पक्ष ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।साथ ही वैज्ञानिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके और दोषी के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी है। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है, ताकि पीडि़ता को न्याय दिलाया जा सके और इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

