लखनऊ 8 अप्रैल (आरएनएस )। मोहनलालगंज क्षेत्र में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट और लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई लाइसेंसी रिवाल्वर, चार जिन्दा कारतूस तथा मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार 07 अप्रैल 2026 को शिकायतकर्ता हेमन्त सोनी, निवासी तेलीबाग वृंदावन, थाना पीजीआई, लखनऊ ने सूचना दी कि 06 अप्रैल 2026 की रात वह अपने बड़े भाई शंकर सोनी के साथ एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम से लौटते समय लगभग 10:30 बजे रात गाड़ी पीछे करने को लेकर रवि सिंह उर्फ विक्की सिंह, आर्यन सिंह, निखिल सिंह उर्फ प्रिंस सिंह तथा अन्य अज्ञात लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षियों ने अपनी कार शिकायतकर्ता की गाड़ी के आगे लगाकर दोनों भाइयों को खींचकर मारपीट की और हेमन्त सोनी की लाइसेंसी रिवाल्वर, मोबाइल फोन तथा गले में पहनी सोने की चेन छीन ली।इस सूचना के आधार पर थाना मोहनलालगंज में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना के अनावरण हेतु तत्काल दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वादी और आरोपी पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे। जिस कार्यक्रम में दोनों पक्ष शामिल हुए थे, वह एक बच्ची के मुंडन समारोह का आयोजन था। कार्यक्रम के बाद वाहन खड़ा करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। उस समय आरोपी अपने गांव चले गए थे, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा कार से लौटकर फुलवरिया मोड़ के पास खड़े हेमन्त सोनी और उनके भाई पर डंडों से हमला कर दिया तथा रिवाल्वर और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की जांच की और संदिग्धों की पहचान की। 07 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर हुलासखेड़ा क्षेत्र में मोहनलालगंज-गोसाईगंज नहर मार्ग के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रवि सिंह उर्फ विक्की सिंह (उम्र लगभग 39 वर्ष), आर्यन सिंह (उम्र लगभग 22 वर्ष) तथा विशेष त्रिवेदी उर्फ राज पंडित (उम्र लगभग 19 वर्ष) शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अदद .32 बोर रिवाल्वर, चार अदद .32 बोर जिन्दा कारतूस तथा लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी रवि सिंह उर्फ विक्की सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी एक गंभीर आपराधिक मुकदमा दर्ज है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके विरुद्ध भी शीघ्र गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। घटना के खुलासे में पुलिस टीम की सक्रियता और तकनीकी साक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

