लखनऊ/कानपुर 8 अप्रैल (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग भाजपा से मिला हुआ है और मतदाताओं के वोट काटने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं का वोट काटकर भय का माहौल बनाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के पीडीए प्रहरियों ने फर्जी हस्ताक्षर कर वोट कटवाने वालों को पकड़ा, लेकिन चुनाव आयोग ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।बुधवार को कानपुर के एक दिवसीय दौरे के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कानपुर को उसकी पुरानी औद्योगिक पहचान दिलाने के लिए कानपुर-इटावा-कन्नौज क्षेत्र को व्यापारिक त्रिकोण के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानपुर की प्रसिद्ध लाल इमली कारखाना को पुन: संचालित किया जाएगा और शहर के विकास को नई गति दी जाएगी। उनका कहना था कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में कानपुर में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए थे, जिनमें नगर में मेट्रो रेल सेवा, पनकी में बिजली उत्पादन इकाई, घाटमपुर में निवेली लिग्नाइट बिजली परियोजना तथा दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र सहित अनेक औद्योगिक इकाइयों की स्थापना शामिल है। ये सभी परियोजनाएं समाजवादी सरकार की औद्योगिक नीति के तहत स्थापित हुई थीं।अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर रोजगार, उद्योग, कारखानों और अनुसंधान के क्षेत्र में पहले से ही आगे रहा है और समाजवादी पार्टी इसे और आगे ले जाने का कार्य करेगी। उन्होंने प्रदेश की नदियों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने नदियों की सफाई का वादा किया था, लेकिन नदियों में गंदगी बढ़ती गई और सफाई के नाम पर आए बजट का दुरुपयोग हुआ।उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेईमानी और लूट के आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में अवैध कारोबार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में अवैध औषधि कारोबार और गुर्दा प्रकरण जैसे मामले चर्चा में रहे हैं, जिससे आम लोगों में भय का वातावरण बना है। उनका आरोप था कि निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी के कारण गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, जिसका उदाहरण कई सड़कों की खराब स्थिति से देखा जा सकता है।कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के क्षेत्रों में भी खुलेआम गोलीबारी और हत्याओं की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में महिलाएं और बेटियां सबसे अधिक असुरक्षित हैं और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।शिक्षामित्रों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय शिक्षामित्रों को 40 हजार रुपये तक वेतन मिलता था, जबकि वर्तमान सरकार ने लंबे समय तक उन्हें धोखे में रखा। उन्होंने कहा कि भविष्य में समाजवादी सरकार बनने पर शिक्षामित्रों को न्याय और सम्मान दिलाया जाएगा तथा अन्य पीडि़त युवाओं को भी राहत दी जाएगी।स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में गरीबों को न तो पर्याप्त दवाएं मिल रही हैं और न ही जांच की समुचित व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि गरीब मरीज सस्ते इलाज के अभाव में निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने के लिए मजबूर हो रहे हैं और कई लोग अपनी जमीन और जमा पूंजी बेचने को विवश हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर गरीबों के लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और इलाज के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

