अध्यक्ष पद के उप निर्वाचन की अधिसूचना जारी, समय-सारणी निर्धारित
कुशीनगर, 08 अप्रैल (आरएनएस)। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने राज्य निर्वाचन आयोग पत्र के क्रम में बताया कि कुशीनगर जनपद की नगर पंचायत फाजिलनगर के रिक्त अध्यक्ष पद (अनारक्षित) पर उप निर्वाचन (यदि मा0 न्यायालय के स्थगन आदेश से बाधित न हो) निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की प्राप्ति 10 अप्रैल, 2026 से 16 अप्रैल, 2026 तक प्रतिदिन प्रात: 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक की जाएगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 18 अप्रैल, 2026 को प्रात: 11:00 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। अभ्यर्थन वापसी 20 अप्रैल, 2026 को प्रात: 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक तथा प्रतीक आवंटन 21 अप्रैल, 2026 को प्रात: 11:00 बजे से कार्य समाप्ति तक किया जाएगा। मतदान 05 मई, 2026 को प्रात: 07:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक तथा मतगणना 07 मई, 2026 को प्रात: 08:00 बजे से कार्य समाप्ति तक संपन्न होगी।
उप निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय) कुशीनगर महेंद्र सिंह तंवर द्वारा सर्वेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर, कुशीनगर को रिटर्निंग अधिकारी एवं धर्मवीर सिंह, तहसीलदार, कसया, कुशीनगर को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नामित किया गया है। नियुक्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराएं तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल अवगत कराएं। निर्वाचन अधिकारी द्वारा सार्वजनिक सूचना दिनांक 10 अप्रैल, 2026 को जारी की जाएगी तथा उसी दिनांक से नामांकन पत्रों का विक्रय भी प्रारंभ किया जाएगा। यह उप निर्वाचन उत्तर प्रदेश नगर पालिका (सदस्यों, पार्षदों, अध्यक्षों एवं महापौरों का निर्वाचन) नियमावली, 2010 के प्राविधानों के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने निर्देशित किया है कि निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांति व्यवस्था के साथ संपन्न कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

