कुशीनगर, 08 अप्रैल (आरएनएस)। जनगणना- 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया एसओपी जारी कर दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद के समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जारी एसओपी में फील्ड में गणना ब्लॉकों का निर्धारण कर आवश्यकतानुसार प्रगणकों की तैनाती की जाएगी तथा प्रत्येक 06 प्रगणकों पर 01 पर्यवेक्षक नियुक्त होगा। कुल कार्मिकों के अतिरिक्त 10 प्रतिशत प्रगणक एवं पर्यवेक्षक आरक्षित रखे जाएंगे। प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का विवरण संबंधित विभागों से प्राप्त कर सीएमएमएस पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
प्रत्येक प्रगणक को उसके निवास/कार्यस्थल के निकट मकान सूचीकरण ब्लॉक आवंटित किया जाएगा तथा लगभग 700-800 जनसंख्या अथवा 150-180 मकानों का कार्यभार दिया जाएगा। शून्य जनसंख्या वाले क्षेत्रों को अन्य आबाद क्षेत्रों के साथ समायोजित कर कार्य आवंटित किया जाएगा। पोर्टल से नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र जारी कर संबंधित कार्मिकों को उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा एसडीएम चार्ज अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका अनिवार्य रूप से संधारित की जाएगी तथा अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पर्यवेक्षक गणना कार्य प्रारंभ कराते हुए प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे। प्रतिदिन सीएमएम एस पोर्टल से डेटा डाउनलोड कर सुरक्षित अभिलेखन सुनिश्चित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। सभी अधिकारी एवं कार्मिक पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य संपन्न कराएं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

