—- समाज कल्याण विभाग की नि:शुल्क कोचिंग एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से मिली सफलता।
—- विद्या भूषण सिंह बने नायब तहसीलदार।
कुशीनगर, 8 अप्रैल (आरएनएस)। आर्थिक एवं सामाजिक चुनौतियों के बावजूद सफलता प्राप्त करना आसान नहीं होता, लेकिन समाज कल्याण विभाग की नि:शुल्क कोचिंग एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़े अभ्यर्थियों ने यह साबित कर दिखाया है कि उचित मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर प्रतिभा किसी भी बाधा को पार कर सकते है।
जनपद के विद्या भूषण सिंह ने उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा यूपीपी सीएस -2024 में सफलता प्राप्त कर नायब तहसीलदार पद हासिल किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नि:शुल्क कोचिंग एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना को दिया है।
इनसेट– नि:शुल्क कोचिंग से मिली नई दिशा– गौरतलब है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा लखनऊ के गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में नि:शुल्क आवासीय कोचिंग संचालित की जा रही है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रदेश भर में परीक्षा-पूर्व प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। जहाँ अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जाती है। समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के नेतृत्व में संचालित इन केंद्रों ने प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का प्रभावी मंच प्रदान किया है।
इनसेट– हॉस्टल से लेकर लाइब्रेरी तक नि:शुल्क सुविधाएं– भागीदारी भवन के संयुक्त निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया है कि अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिभावान अभ्यर्थियों को कोचिंग अवधि के दौरान नि:शुल्क हॉस्टल, भोजन, पुस्तकालय तथा नियमित कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। विषय विशेषज्ञों द्वारा नियमित कक्षाएं संचालित की जाती हैं तथा मुख्य परीक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर लेखन अभ्यास एवं मॉडल टेस्ट भी कराए जाते हैं। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना वर्तमान में प्रदेश के 75 जनपदों में 166 प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से संचालित की जा रही है। जिसके अंतर्गत यूपीएससी, यूपीपीएससी, जेईई, नीट, एनडीए एवं सीडीएस जैसी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी कराई जाती है। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम कुमार ने कहा है कि हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी प्रतिभाशाली युवा आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और नि:शुल्क कोचिंग के माध्यम से युवाओं को समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर हमारे युवा किसी भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

