नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित
प्रयागराज 8 अप्रैल (आरएनएस)। स्थानीय नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह भव्य रूप से रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर वर्ष पर्यंत विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा निदेशक प्रो बी एल शर्मा कार्यक्रम अध्यक्ष राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुल 68 मेधावियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई ने सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ तथा स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। अपनी आख्या में प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। डॉ भास्कर शर्मा ने मुख्य अतिथि का परम्परागत पगड़ी पहना कर स्वागत किया तथा बेटियों पर आधारित अपनी प्रसिद्ध कविता का पाठ किया। कार्यक्रम में समाजशास्त्र विभाग की प्रोफेसर विनीता लाल की पुस्तक सोशियोलॉजी ऑफ़ जेंडर की कॉन्सेप्ट्स एंड थ्योरीज़ तथा अंग्रेज़ी विभाग की प्रोफ़ेसर शालिनी श्रीवास्तव द्वारा लिखित पुस्तक अ हैंडबुक ऑफ़ इंडियन इंग्लिश लिटरेचर जो एन ई पी 2020 के मानदंडों को दृष्टिगत करते हुए लिखी गई है का विमोचन भी मुख्य अतिथि द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर शालिनी श्रीवास्तव ने तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर शिवानी श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अनेक जन प्रतिनिधि, अभिभावक तथा महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे और बड़ी संख्या में छात्राएं भी मौजूद रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

