मुंगेली, 08 अप्रैल (आरएनएस) । छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुदूर वनांचल ग्राम बम्हनी में बुधवार को क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर का परिवार पहुंचा। इस दौरान उनकी पत्नी अंजली तेंदुलकर, बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सानिया चंडोक तेंदुलकर ने ग्रामीणों से मुलाकात कर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।घने जंगलों के बीच बसे इस आदिवासी गांव में तेंदुलकर परिवार के आगमन से उत्साह का माहौल रहा। स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया।दौरे का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में संचालित जनस्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं की जमीनी स्थिति को समझना था। इस दौरान परिवार ने गनियारी जनस्वास्थ्य समिति द्वारा संचालित गतिविधियों का निरीक्षण किया और चिकित्सकों की टीम के साथ व्यवस्थाओं की जानकारी ली।अंजली तेंदुलकर और सारा तेंदुलकर ने फुलवारी केंद्र और बालवाड़ी का दौरा कर आदिवासी बच्चों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों के रहन-सहन, खान-पान और शिक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों से चर्चा भी की।बताया जा रहा है कि यह दौरा गोपनीय रखा गया था, लेकिन गांव में उनके पहुंचते ही खबर फैल गई और लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दौरे के बाद तेंदुलकर परिवार के बिलासपुर से मुंबई रवाना होने की जानकारी सामने आई है।इस दौरे से न सिर्फ ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की ओर भी ध्यान आकर्षित हुआ है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

