जांजगीर-चांपा,08 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीडि़ता की पहचान वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के माध्यम से अनिकेत तांडे (20 वर्ष), निवासी सोनादुला, थाना अकलतरा से हुई थी। आरोपी ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर युवती और उसके परिजनों का विश्वास जीता और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीडि़ता की शिकायत पर थाना मुलमुला में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) और 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर के हीरापुर क्षेत्र से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

