रायपुर,08 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर एक रिटायर्ड इंजीनियर से 80 हजार रुपये ऑनलाइन ठग लिए। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, पीडि़त विद्युत विभाग से सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं। उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया। आरोपी ने उन्हें झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी और मामला खत्म करने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की मांग की।
डर के चलते पीडि़त ठग के झांसे में आ गए और बताए गए बैंक खाते में 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद शक होने पर उन्होंने डीडी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
जांच में जुटी पुलिस
मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की टीम भी आरोपी की पहचान और बैंक खाते की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के फर्जी कॉल से सावधान रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें। पुलिस या कोई भी सरकारी एजेंसी फोन पर इस तरह पैसे नहीं मांगती।
बढ़ रहे हैं ‘डिजिटल अरेस्टÓ ठगी के मामले
देशभर में ‘डिजिटल अरेस्टÓ के नाम पर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ठग खुद को पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और पैसे वसूलते हैं। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

