ऋषिकेश,08 अपै्रल (आरएनएस)। हरिपुरकलां में सीवर लाइन खुदाई के दौरान तमाम सड़कें खोदी गई। तब से अभी तक यहां सड़कों का निर्माण नहीं हो पाया है। ऐसे में जर्जर सड़कों के चलते क्षेत्रवासी परेशान हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंप समस्या के समाधान की मांग की। बुधवार को ऋषिकेश स्थित लोक निर्माण कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा। हरिपुर कलां की ग्राम प्रधान सविता शर्मा ने कहा कि पेयजल निगम द्वारा हरिपुर कलां क्षेत्र में सीवर की पाइप लाइन बिछाने के दौरान गांव की मुख्य सड़कों को खोद दिया गया था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इसके चलते सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आमजन, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की कई सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कहा कि गांव में पेयजल आपूर्ति की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है। पुरानी सीवर लाइन क्षमता से अधिक लोड होने के कारण ओवरफ्लो हो रही है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है और गंगा नदी तक पहुंचकर प्रदूषण का कारण बन रहा है। ग्रामीणों को कई महीनों तक गंदे पानी और बदहाल व्यवस्था के बीच रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे। अधीक्षण अभियंता भृगुनाथ द्विवेदी ने जल्द समस्या के निवारण का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने में समाजसेवी प्रेमलाल शर्मा, विक्रांत भारद्वाज, दीपक थापा, आदित्य आदि मौजूद थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

