कोटद्वार,08 अपै्रल (आरएनएस)। पौड़ी जनपद के विभिन्न अस्पतालों में संविदा, उपनल व आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत 43 चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की सेवा अवधि का विस्तार अभी तक नहीं हुआ है जिससे सेवा विस्तार की आस में निरंतर सेवाएं दे रहे इन कर्मियों को अभी तक तीन माह का वेतन भी नहीं मिला है। वेतन न मिलने से उन्हें आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है।
पौड़ी जनपद के अंतर्गत यमकेश्वर, कोट, रिखणीखाल, खिर्सू, एकेश्वर, द्वारीखाल, नैनीडांडा समेत विभिन्न ब्लॉकों के सरकारी अस्पतालों में विगत लंबे समय से संविदा, उपनल एवं आउटसोर्स के माध्यम से 43 चतुर्थ कर्मचारी कक्ष सेवक, कक्ष सेविका आदि पदों पर कार्यरत हैं। विभाग की ओर से हर साल इनका सेवा विस्तार किया जाता है। इन चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के सेवा विस्तार की अवधि 31 जनवरी को समाप्त हो चुकी है लेकिन अभी तक उनकी सेवा विस्तारित किए जाने की अनुमति निदेशालय से नहीं मिल पाई है। वहीं, पिछले तीन माह से वेतन न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक संकट से भी जूझना पड़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से उनका सेवा विस्तार करने व तीन माह के वेतन का भुगतान करने की मांग की है।
संविदा, उपनल एवं आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत 43 चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की सेवा अवधि का विस्तार शासन से होना है। सेवा अवधि के विस्तार की स्वीकृति का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। – डॉ. शिव मोहन शुक्ला, सीएमओ पौड़ी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

