-कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से नहीं कोई समझौता
चित्रकूट 8 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं शहरी सौंदर्य में अभिवृद्धि के लिए डीएम पुलकित गर्ग ने चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अंतर्गत धनुष चैराहे से पटेल तिराहे तक स्वीकृत सड़क चैड़ीकरण, सौंदर्यीकरण एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का गहन स्थलीय निरीक्षण किया।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए शासन द्वारा 1298 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। डीएम ने निरीक्षण के दौरान परियोजना के तहत प्रस्तावित मुख्य सड़क के चैड़ीकरण, सर्विस रोड के निर्माण और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि निर्माण संबंधी समस्त औपचारिकताओं को पूर्ण करते हुए धरातल पर कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ किया जाए। परियोजना की राह में आ रहे विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मरों के संबंध में निर्देश दिया गया कि इन्हें तत्काल अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य निर्बाध गति से चल सके। स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। ताकि परियोजना निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण हो सके और आम जनमानस को इसका लाभ मिले। इस अवसर पर परियोजना से संबंधित आर्किटेक्ट पवन सिंह, अवर अभियंता विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

