बोले, समाज का विश्वास ही चिकित्सा जगत की सबसे बड़ी पूंजी
सिरसा।।(सतीश बांसल) अंतरराष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर शहर के प्रसिद्ध पैथोलॉजिस्ट डॉ. जीएन वर्मा ने अपनी प्रयोगशाला में अपने समूचे स्टाफ को स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता व स्वास्थ्य क्षेत्र के मूल्यों की शपथ दिलाते हुए सदैव उनका अनुसरण करने की शपथ दिलाई। इस दौरान डॉ. वर्मा ने अपनी प्रयोगशाला के फ्रंट डेस्क एग्जीक्यूटिव, वैज्ञानिक अधिकारियों एवं समस्त स्टाफ सदस्यों से कहा कि यह दिवस भारत में महान चिकित्सक एवं भारत रत्न डॉ. बिधानचंद्र राय की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। मरीज का विश्वास, संवेदनशील व्यवहार, समय पर सही जांच तथा नैतिक चिकित्सा ही एक सफल स्वास्थ्य सेवा की पहचान है जिसके प्रति स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत लोगों को पूर्णत: समर्पित होना चाहिए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को शपथ दिलाई कि वे प्रत्येक मरीज के साथ सम्मानजनक एवं मानवीय व्यवहार करेंगे, जरूरतमंद एवं गरीब मरीजों की यथासंभव सहायता करेंगे, अपने कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं मेडिकल एथिक्स का पालन करेंगे तथा सेवा भावना को सर्वोपरि रखते हुए समाज के स्वास्थ्य के प्रति सदैव समर्पित रहेंगे। इस दौरान सभी कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से जनसेवा, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में डॉ. वर्मा ने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज का विश्वास ही चिकित्सा जगत की सबसे बड़ी पूंजी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

