-कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेल अत्यंत प्रभावी माध्यम
चित्रकूट 8 अप्रैल (आरएनएस)। डीएम की अध्यक्षता में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत नवीन बच्चों के शत प्रतिशत नामांकन को सुनिश्चित करने एवं अभिभावकों को जागरूक एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जनपद के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षा से जुड़े अन्य हितधारक उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्था खेल-खेल के कथाकार अमन गोपाल सुरेका द्वारा भारतवर्ष की समृद्ध खेल परंपरा एवं उसके शैक्षिक महत्व पर आधारित एक प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक कार्यशाला प्रस्तुत की गई। इस दौरान खेल आधारित शिक्षण पद्धति के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक के लिए खेल एक अत्यंत प्रभावी माध्यम है। उन्होंने पारंपरिक खेलों के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को सरल, रोचक एवं व्यवहारिक बनाने पर विशेष बल दिया। विशेष रूप से सांप-सीढ़ी जैसे पारंपरिक खेल के माध्यम से मानव जीवन, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक अवधारणाओं को अत्यंत सरल एवं रोचक तरीके से समझाया गया। कार्यशाला में यह भी उल्लेख किया गया कि मानव शरीर को प्रतीकात्मक रूप से आठ कमरों, नौ खिड़कियों एवं दस दरवाजों के रूप में समझा जा सकता है, जो जीवन के विभिन्न आयामों एवं चेतना के स्तरों का द्योतक है। इसके साथ ही सप्तपुरी, साकार एवं निराकार जैसे आध्यात्मिक विचारों को भी खेल के माध्यम से सहज रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे बच्चों में जिज्ञासा, नैतिक समझ एवं आंतरिक विकास को प्रोत्साहन मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को विभिन्न शैक्षिक खेलों का प्रदर्शन कराते हुए प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। जिससे वे अपने विद्यालयों में इन गतिविधियों को अपनाकर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने एवं उनकी सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बना सकें। डीएम ने कहा कि स्कूल चलो अभियान शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है। जिसका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोडऩा है। उन्होंने समस्त अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक शिक्षण वातावरण विकसित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों से आह्वान किया गया कि वे जन जागरूकता बढ़ाने, अभिभावकों को प्रेरित करने तथा नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों को अपनाकर अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस मौके पर मानिकपुर विधायक अविनाशचन्द्र द्विवेदी, डीसीबी अध्यक्ष पंकज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

