-शिक्षित हो चित्रकूट सारा, स्कूल चलो अभियान में गूंजे नारा
चित्रकूट 8 अप्रैल (आरएनएस)। विकास पथ सेवा संस्थान द्वारा ग्राम अरछा बरेठी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरछा में स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना रहा।
रैली को भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी, समाजसेवी शंकर प्रसाद यादव एवं संस्थान के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी बच्चों के साथ गांव में भ्रमण कर अभियान का समर्थन किया। बच्चों के जोशीले नारों शिक्षित हो चित्रकूट सारा, पढ़ेगा चित्रकूट, बढ़ेगा देश, लड़कियों को दो पढऩे का मौका, आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे से पूरा गांव गूंज उठा। नारों को सुनकर महिलाएं भी घरों से बाहर निकलकर रैली में शामिल हुईं। इस अवसर पर शंकर प्रसाद यादव ने कहा कि गांव का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। यह सभी की जिम्मेदारी है। शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी ने कहा कि बेटी और बेटा दोनों को समान अवसर मिलना चाहिए। बालिकाओं की शिक्षा से ही समाज सशक्त और आत्मनिर्भर बनेगा। संस्थान अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर सिंह ने कहा कि हर बच्चे का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित करना संकल्प है। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के पदाधिकारियों ने अभिभावकों से अपील कि कि वे अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में अवश्य कराएं। कार्यक्रम में भाजपा नेत्री राखी चैबे, हंस फाउंडेशन की प्रोग्राम ऑफिसर राधा विश्वकर्मा, लवलेश सिंह, कमला शंकर शुक्ला, उमाशंकर शुक्ल व प्रधानाध्यापिका सुशीला सिंह सहित शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

