लखनऊ 8 अप्रैल (आरएनएस )। दुबग्गा थाना क्षेत्र में पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान गद्दी गैंग के एक सक्रिय सदस्य को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में सुनसान मार्ग पर घूम रहा था, जिसे पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार 07 अप्रैल 2026 को शाम लगभग 7:50 बजे थाना दुबग्गा की पुलिस टीम क्षेत्र में अपराध रोकथाम और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे लाइन किनारे कल्लन खेड़ा से शाहपुर भमरौली जाने वाले सुनसान मार्ग पर गद्दी गैंग का एक सक्रिय सदस्य अवैध तमंचा और कारतूस के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में मौजूद है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद साहिल पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद शमशाद, निवासी शाहपुर भमरौली थाना दुबग्गा, लखनऊ के रूप में हुई, जिसकी उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अदद अवैध तमंचा 315 बोर तथा दो अदद जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किए गए।इस संबंध में थाना दुबग्गा में अभियुक्त के विरुद्ध धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद साहिल गद्दी गैंग का सक्रिय सदस्य है और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और उसके आपराधिक संबंधों तथा अन्य संभावित गतिविधियों की जांच की जा रही है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मसीद खान, उपनिरीक्षक देवेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल सुभान खान तथा कांस्टेबल विपिन मौर्य शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

