लखनऊ 8 अप्रैल (आरएनएस )। इटौंजा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे डकैती के एक वारंटी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह आरोपी पिछले 18 वर्षों से न्यायालय के आदेश की अवहेलना करते हुए फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद दबिश देकर उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार विशेष न्यायाधीश के न्यायालय द्वारा वाद संख्या 996/08, अपराध संख्या 03/2008, धारा 396 भारतीय दंड संहिता, थाना इटौंजा से संबंधित एक वारंटी गुड्डू पुत्र सियाराम, निवासी भन्सारी थाना कोतवाली सदर जनपद लखीमपुर खीरी के विरुद्ध गिरफ्तारी अधिपत्र जारी किया गया था। आरोपी गुड्डू पर डकैती का गंभीर अपराध करने का आरोप है और वह पिछले लगभग 18 वर्षों से फरार चल रहा था।इटौंजा थाना पुलिस टीम द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस ने उच्च स्तर की सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसी क्रम में 08 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी के अंकित पते पर दबिश दी। पुलिस ने गिरफ्तारी अधिपत्र दिखाते हुए आरोपी को उसके घर से हिरासत में ले लिया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से न्यायालय के आदेश का अनुपालन नहीं कर रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी से एक पुराने लंबित मामले में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तेजवीर सिंह तथा मुख्य आरक्षी संतोष कुमार तिवारी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि कानून से बचने वाले अपराधियों को जल्द से जल्द न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

