0 प्रथम चरण में 13 से 17 अप्रैल के बीच लॉटरी से सीटों का आबंटन
रायपुर, 09 अप्रैल (आरएनएस)। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की संभावित विरोध और धमकी के बावजूद छत्तीसगढ़ में आरटीई (राइट टू एजुकेशन) के तहत प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। शिक्षा विभाग ने बताया कि प्रथम चरण में 13 से 17 अप्रैल के बीच लॉटरी के माध्यम से सीटों का आबंटन किया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक कुल 38,439 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 34,004 आवेदनों की जांच पूरी हो चुकी है, जबकि केवल 4,435 आवेदन शेष हैं। शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। संचालनालय ने स्पष्ट किया कि प्रथम चरण के अंतर्गत नोडल वेरिफिकेशन का कार्य 31 मार्च तक पूरा किया जाना था। विद्यार्थियों का प्रवेश और दाखिला 1 से 30 मई तक सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, वर्ष 2025-26 की शुल्क प्रतिपूर्ति का सत्यापन कार्य 25 मई से 25 जून तक किया जाएगा। संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। किसी भी तरह की अनियमितता की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
अगस्त तक पूरी होगी प्रवेश
दूसरे चरण में नए स्कूलों का पंजीयन 8 से 20 जून तक किया जाएगा। स्कूलों का सत्यापन 25 जून तक पूरा किया जाएगा और विद्यार्थियों का पंजीयन 1 से 11 जुलाई तक किया जाएगा। नोडल वेरिफिकेशन 15 जुलाई तक संपन्न होगा। इसके बाद लॉटरी और सीट आबंटन 27 से 31 जुलाई के बीच किया जाएगा। अंतत: प्रवेश प्रक्रिया 3 से 17 अगस्त 2026 तक पूर्ण की जाएगी।
एसएस
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

