रायपुर, 09 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी में स्कूटी गिरवी रखने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधीनगर-शंकरनगर निवासी 26 वर्षीय छवि महानंद अपने दोस्तों के साथ एक परिचित के पास स्कूटी गिरवी रखने गया था। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने छवि पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में युवक के सीने, पेट, हाथ और कलाई में गंभीर चोटें आई हैं। आसपास के लोगों की मदद से उसे तुरंत मोवा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
इस घटना ने शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पैसों के विवादों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने जल्द सख्त कार्रवाई की मांग की है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

