नई दिल्ली,09 अपै्रल (आरएनएस)। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक बार फिर दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. सचिवालय की कई आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश आने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया. दिल्ली पुलिस समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अलर्ट मोड पर हैं और जांच में जुटी हैं.
आज दिल्ली सचिवालय की विभिन्न ईमेल आईडी पर एक साथ धमकी भरे मेल प्राप्त हुए. संदेश में सचिवालय परिसर को बम से उड़ाने का दावा किया गया था. जैसे ही इस सूचना की पुष्टि हुई, तुरंत प्रभाव से सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया गया. मौके पर दिल्ली पुलिस की बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड की टीमें पहुंचीं. इसके बाद पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई.
सुरक्षा एजेंसियों ने सचिवालय के चप्पे-चप्पे की जांच की गई है. हालांकि अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है. लेकिन पुलिस कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहती है. ऐसे में दिल्ली पुलिस की साइबर सेल अब उन ईमेल आईडी की बारीकी से जांच कर रही है, जिनसे यह संदेश भेजे गए थे. आईपी एड्रेस व सेंडर की लोकेशन को ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश.
गौरतलब है कि दिल्ली के महत्वपूर्ण सरकारी भवनों को निशाना बनाने की ये कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले दिल्ली विधानसभा को भी इसी तरह की बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है. हाल ही में सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ी चूक भी सामने आई थी, जब बीते सोमवार को एक कार सवार सुरक्षा गेट को तोड़ते हुए दिल्ली विधानसभा के अंदर प्रवेश कर गया था. उस घटना के ठीक तीसरे दिन दिल्ली सचिवालय को मिली इस धमकी ने सुरक्षा इंतजामों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं.
फिलहाल दिल्ली सचिवालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. यहां आने-जाने वाले हर व्यक्ति व वाहन की कड़ी जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए हैं.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

