0-अब तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में मतदान बाकी
नईदिल्ली ,09 अपै्रल (आरएनएस)। असम, केरलम और पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान पूरा हो चुका है। चुनाव आयोग द्वारा जारी शाम 6 बजे तक के आंकड़ो के मुताबिक, असम में 85.04 प्रतिशत, केरलम में 77.38 प्रतिशत और पुडुचेरी में 89.08 प्रतिशत मतदान हुआ है। असम में 126 सीटों पर 722, केरलम की 140 सीटों पर 890 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर 294 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला अब इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद हो गया है।
असम के पाथरकांडी में भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच हुई झड़प में 25 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाथरकांडी से चुनाव लड़ रहे कार्तिक सेना सिन्हा रंगामती मतदान केंद्र में घुस गए और नकली मतदान के आरोप लगाए। इस दौरान पीठासीन अधिकारी की उनसे बहस हो गई और उन्होंने ईवीएम तोड़ दी।
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री रंगास्वामी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मतदान के लिए पहुंचे। वे 2 सीटों- मंगलम और थट्टनचावडी से मैदान में हैं। पुडुचेरी में मतदान केंद्र पर रोबोट ने मतदाताओं का फूलों से स्वागत किया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में कामाख्या मंदिर में पूजा की। उनके साथ उनकी पत्नी भी थीं। पुडुचेरी के मन्नादिपेट में पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में झड़प हो गई। यहां पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा कि चुनाव के बाद एक शक्तिशाली, निडर, आत्मविश्वासी और नया असम उभरेगा। केरलम के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने त्रिशूर में वोट डालने के बाद कहा, उम्मीद करता हूं कि अच्छे लोग चुनकर आएंगे। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री रंगास्वामी ने कहा, मैं दोनों सीटों से जीतूंगा। मेरे लिए आंकड़ों से ज्यादा सरकार बनाना जरूरी है। केरलम से भाजपा सांसद सुरेश गोपी ने कहा, अपनी मिट्टी के लिए वोट करें। राजनीतिक नेतृत्व, वादे, सब भूल जाएं।
3 राज्यों की 4 विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव के लिए भी मतदान हुआ। नगालैंड के कोरिडांग विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 3 बजे तक 75.06 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, त्रिपुरा के धर्मनगर में 70.09 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। कर्नाटक में बागलकोट में 54.82 प्रतिशत और दावणगेरे साउथ में 49.66 प्रतिशत मतदान हुआ। ये चुनाव मौजूदा विधायकों के निधन के कारण खाली हुई सीटों पर कराए गए हैं। कुल 8 सीटों पर उपचुनाव होना है।
फिलहाल 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। असम, केरलम और पुडुचेरी में आज मतदान हो चुका है। वहीं, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल अकेला ऐसा राज्य हैं, जहां 2 चरण में मतदान होगा। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा। सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को आएंगे।
असम में पिछले विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 75 और कांग्रेस गठबंधन ने 50 सीटें जीती थीं। केरलम में सत्ताधारी सीपीआई(एम) के नेतृत्व वाले एलडीएफ गठबंधन ने 99 सीटें जीती थीं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन यूडीएफ को 41 सीटों पर जीत मिली थी। एनडीए को एक भी सीट नहीं मिली थी। पुडुचेरी में एनडीए ने 16 और कांग्रेस-डीएमके के गठबंधन यूडीएफ ने 9 सीटें जीती थीं। अन्य को 5 सीटें मिली थीं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

