मुंबई ,09 अपै्रल (आरएनएस)। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आग लगने की खबर है। खबरों के मुताबिक, हवाई अड्डे के टर्मिनल वन पर मौजूद बैठक क्षेत्र में आग लगी है। ये घटना गुरुवार को शाम 6 बजे के करीब की बताई जा रही है। पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया है और अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने की वजह अभी सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आग हवाई अड्डे परिसर में विले पार्ले (पूर्व) स्थित 3 मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। मुंबई अग्निशमन दल के प्रमुख रविंद्र अंबुलगेकर का कहना है कि आग टर्मिनल के अंदर केबल ट्रे और स्विच बॉक्स में लगी थी। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और वार्ड के कर्मचारी आग बुझाने के लिए तुरंत मौके पर पहुंच गए। फिलहाल आग पूरी तरह से बुझा दी गई है।
आधिकारिक बयान में कहा गया है, गुरुवार, 9 अप्रैल को शाम 6 बजकर 10 मिनट पर टर्मिनल 1 पर शॉर्ट सर्किट के कारण एक छोटी सी आग लगने की सूचना मिली थी। आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने कुछ ही मिनटों के भीतर आग पर तुरंत काबू पा लिया है। इस दौरान हवाई अड्डे के संचालन पर कोई असर नहीं हुआ। सीआईएसएफ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही हवाई अड्डे के फायर टेंडरों ने आग बुझाने की कोशिश की।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

