नई दिल्ली 10 April, (Rns) : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 30 पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि मृतक कांकेर के उड़कुड़ा गांव के निवासी थे। वे चीवरांज में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी नाथिया नवागांव के पास यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है और 3 अन्य घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान सहित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

