चंडीगढ़ 10 April, (Rns) : पंजाब पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल भाभी हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को यूएई से डिपोर्ट किए जाने के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर हिरासत में लिया गया।
जानकारी के अनुसार, अमृतपाल सिंह जून 2025 में बठिंडा की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल भाभी की हत्या का मुख्य आरोपी है। वारदात के बाद वह विदेश फरार हो गया था।
पंजाब पुलिस ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस विंग की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल और केंद्रीय एजेंसियों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद उसे यूएई से डिपोर्ट कर भारत लाया गया।
पुलिस के मुताबिक, 11 जून 2025 को अमृतपाल ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पीड़िता का अपहरण कर हत्या कर दी थी। बाद में शव को बठिंडा स्थित एक अस्पताल के बाहर खड़ी कार में छोड़ दिया गया था। इस मामले में उसके अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
आरोपी को 10 अप्रैल 2026 की सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

