गुरुग्राम 10 April, (Rns) : हरियाणा के गुरुग्राम स्थित हेलीमंडी के एक सरकारी स्कूल में सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्कूल परिसर के भीतर एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
शुक्रवार सुबह जब ‘राजकीय माध्यमिक विद्यालय, हेलीमंडी’ के शिक्षक और अन्य स्टाफ स्कूल पहुंचे, तो उन्होंने फर्श पर एक युवक की लाश पड़ी देखी। चारों तरफ खून फैला हुआ था, जिसे देख स्टाफ के होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक की पहचान ’20 वर्षीय रवि’ के रूप में हुई है। रवि मूल रूप से ‘ललितपुर, उत्तर प्रदेश’का रहने वाला था। वह स्कूल परिसर के भीतर किन परिस्थितियों में पहुँचा, पुलिस फिलहाल इसकी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, युवक की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार करके की गई है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और ‘फोरेंसिक टीम’ ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस स्कूल और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि रवि किसके साथ और किस समय स्कूल के भीतर दाखिल हुआ था। पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है, हालांकि अभी तक उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिल पाया है।
स्कूल में हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्कूल स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह पुरानी रंजिश का मामला है या इसके पीछे कोई और कारण है।
“शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

