डोगरा सेंटर अयोध्या की मराठा रेजिमेंट ने शव यात्रा निकालकर शहीद को किया विदा
28 मार्च को कुपवाड़ा के त्रेहगाम में लगी थी गोली
07 अप्रैल को दिल्ली के एसआर हॉस्पिटल में शहीद ने ली अंतिम सांस
कुड़वार/सुल्तानपुर 10 अप्रैल (आरएनएस )। विकास खंड क्षेत्र के लाल की देश सेवा करते हुए शहीद होने पर पूरे जिले की आंखे नम हो गई। शव के पहुंचने पर क्षेत्र वासियों का तांता लगा रहा। डोगरा सेंटर अयोध्या से आए मराठा रेजिमेंट के जवानों ने शहीद सैनिक की नम आंखों से शव यात्रा निकालकर कर साथी को अंतिम विदाई दी। स्थानीय नेताओं सहित अधिकारियों ने भी पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बता दे कि स्थानीय विकास खंड के पूरे वैसी मझना गांव निवासी अखिलेश शुक्ला(28) पुत्र राधेकृष्ण शुक्ला सेना के ईएमई कोर में नायक के पद पर कुपवाड़ा जनपद के त्रेहगाम में तैनात थे। जहां वे 28 मार्च को गोली लगने से घायल हो गए।घायलावस्था में यूनिट के जवानों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एसआर हॉस्पिटल नई दिल्ली में भर्ती कराया। दौरान इलाज 07 अप्रैल को दिन में 12 बजे शहीद सैनिक अखिलेश शुक्ला ने अंतिम सांस ले ली। शुक्रवार को सुबह उनका शव अलीगंज बाजार पहुंचा तो क्षेत्रवासियों ने पुष्प वर्षा करते हुए उसका स्वागत किया।शव उनके पैतृक निवासी पहुंचते ही कोहराम मच गया। तिरंगे से लिपटे शव के पहुंचते ही मां सीमा,बहन प्रियंका, शिवानी सहित परिवारजन दहाड़े मार कर रोने लगे। सेवा निवृत सैनिक के इकलौते बेटे के शहीद हो जाने पर पिता पर दुखो का पहाड़ टूट पड़ा।अंतिम दर्शन के लिए शव करीब 02 घंटे उनके आवास पर रहा। उसके बाद डोगरा रेजिमेंट अयोध्या से जवानों ने सैनिक सम्मान के साथ शव की अंतिम यात्रा निकाली। शव यात्रा घर से करीब 200 मीटर दूर बाग में पहुंची। जहां पर सबसे पहले पिता राधे कृष्ण शुक्ला ने पुष्प चक्र से शहीद बेटे को श्रद्धांजलि अर्पित की।उसके बाद मौजूद अन्य सैकड़ों लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की। थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी,सीओ सिटी सौरभ सामंत, भाजपा नेता ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी, मनीषा पांडेय,संजय सिंह त्रिलोकचंदी आदि ने पुष्पांजलि अर्पित की। अंत में अयोध्या से आए डोगरा रेजिमेंट के कैप्टन आशीष दहिया व शहीद सैनिक की यूनिट से आए सूबेदार प्रशांत कुमार तिवारी ने विदाई देकर सैनिक सम्मान के साथ शव को चिता के पास पहुंचाया। तथा तिरंगे व शहीद की वर्दी को यूनिट के सूबेदार ने पिता को सौप दिया। उसके बाद पिता ने पिंडदान आदि करके मुखाग्नि दी।अंतिम संस्कार में एम एल सी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा नेता अखिलेश तिवारी सहित हजारों लोग शामिल हुए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

