सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 अप्रैल 2026 (आरएनएस) प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएम आशा) के अंतर्गत बरमकेला सहकारी सेवा समिति में सरसों (सीजी-2 किस्म) की समर्थन मूल्य पर खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक और सदस्य अभिलाषा नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना कर खरीदी प्रक्रिया का आरंभ किया। कार्यक्रम में उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
बरमकेला क्षेत्र में रबी सीजन के दौरान बड़े स्तर पर सरसों की खेती की जाती है। इस साल लगभग 800 एकड़ से अधिक रकबे में किसानों ने सरसों की बुवाई की है। शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 6200 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिल रहा है।
ग्राम झाबड़ के किसान रामकुमार नायक ने बताया कि उन्होंने इस रबी सीजन में 10 एकड़ जमीन पर सरसों की फसल ली है। उन्होंने कहा कि एमएसपी पर खरीदी शुरू होने से उन्हें सीधा फायदा मिल रहा है। किसान ने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। क्षेत्र में सरसों के साथ चना और मसूर की भी खेती होती है, लेकिन बरमकेला ब्लॉक में सरसों का रकबा ज्यादा है। औसतन प्रति हेक्टेयर करीब 5 क्विंटल उत्पादन मिल रहा है। मंडी में कुल मिलाकर लगभग 6200 क्विंटल सरसों की खरीदी की जा रही है। जिले की विभिन्न प्राथमिक सेवा सहकारी समितियों—दानसरा, अमझर, नवरंगपुर, सहसपुर, बरमकेला, गोबरसिंघा, बार और भटगांव के माध्यम से यह खरीदी की जा रही है। शासन की इस पहल से किसानों में उत्साह है और उन्हें उनकी मेहनत का सही मूल्य मिल रहा है।

