लखनऊ, 10 अप्रैल (आरएनएस ) । थाना कृष्णानगर क्षेत्र में फरवरी माह के दौरान हुई चोरी की लगातार तीन घटनाओं का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जबकि एक अन्य वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।पुलिस के अनुसार थाना कृष्णानगर पर मु0अ0सं0-073/2026, 104/2026 तथा 134/2026 धारा 331(4)/305(ए) सहित अन्य धाराओं में अज्ञात चोरों द्वारा घरों में घुसकर चोरी करने के संबंध में अभियोग पंजीकृत किए गए थे। घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर द्वारा अभियोगों के सफल अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था।फरवरी माह के दौरान थाना क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच की गई। तकनीकी और मैनुअल जांच के आधार पर पुलिस ने तीन अभियुक्तों की पहचान सुनिश्चित की। इनमें से एक अभियुक्त को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जेल भेजा जा चुका है, जबकि शेष दो अभियुक्त विपिन और कुलदीप फरार चल रहे थे।इसी क्रम में 10 अप्रैल 2026 की देर रात्रि चार्ली कंट्रोल/लैपर्ड-5 टीम के अनुपालन में डूडा कॉलोनी, मानसनगर रोड के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। भागते समय वह लडख़ड़ा कर गिर गया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तत्काल हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त की पहचान विपिन पुत्र गंगाराम निवासी ग्राम हरदी, थाना मौरावां, जनपद उन्नाव के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार फरार चल रहा उसका साथी कुलदीप यादव पुत्र रमेश यादव निवासी निजामपुर मल्हौर की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त विपिन और फरार कुलदीप दोनों 25-25 हजार रुपये के इनामी घोषित शातिर अपराधी हैं। अभियुक्त विपिन के विरुद्ध लखनऊ कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगेस्टर एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में कुल 20 अभियोग पंजीकृत हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि वह एक पेशेवर और आदतन अपराधी है।पुलिस कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अदद तमंचा 315 बोर, एक जिन्दा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त चोरी से संबंधित पीली धातु की दो चेन, तीन अंगूठियां तथा एक मोटरसाइकिल पल्सर (नंबर यूपी32एमसी8337) भी बरामद की गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। वहीं फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस एवं सर्विलांस टीम द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है, जिससे शेष अभियुक्त को भी शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

