लखनऊ 10 अप्रैल (आरएनएस )। इकाना स्टेडियम में दिनांक 12 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित आईपीएल मैच के दृष्टिगत यातायात पुलिस द्वारा शहर में व्यापक यातायात डायवर्जन योजना लागू की गई है। यह व्यवस्था दोपहर 12:00 बजे से मैच समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित मार्गों और वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग कर अनावश्यक असुविधा से बचें।जारी निर्देशों के अनुसार कमता शहीद पथ तिराहा अयोध्या रोड से सामान्य यातायात को शहीद पथ होते हुए सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड तथा कानपुर रोड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन कमता तिराहा से इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहा, समतामूलक चौराहा, लालबत्ती चौराहा, करियप्पा चौराहा, तेलीबाग चौराहा, बाराबिरवा चौराहा अथवा इन्दिरा नहर चौराहा से होते हुए किसान पथ के माध्यम से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसी प्रकार शहीद पथ कानपुर रोड तिराहा से भी सामान्य यातायात को सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और अयोध्या रोड की दिशा में जाने की अनुमति नहीं होगी तथा वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा।गोसाईगंज कस्बा तिराहा सुल्तानपुर रोड से बड़े वाहन, बस और कामर्शियल वाहनों का अहिमामऊ की दिशा में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को अमूल डेरी कटिंग से वृन्दावन योजना या कबीरपुर किसान पथ के रास्ते अपने गंतव्य तक भेजा जाएगा। इसी प्रकार उतरेठिया अण्डरपास चौराहा से भी भारी वाहनों को शहीद पथ पर चढ़कर अहिमामऊ या कमता की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें तेलीबाग, बाराबिरवा, करियप्पा अथवा हरीकंशगढ़ी किसान पथ के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।हुसडिय़ा अण्डरपास की ओर से आने वाले सामान्य वाहनों को अहिमामऊ चौराहा और शहीद पथ कानपुर रोड तिराहा की ओर जाने से रोका जाएगा तथा उन्हें शहर क्षेत्र से होकर 1090 चौराहा के रास्ते आगे बढऩा होगा। लालबत्ती चौराहा से भी भारी वाहन, बस और कामर्शियल वाहनों को अहिमामऊ, सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और कानपुर रोड की दिशा में जाने की अनुमति नहीं होगी।सुल्तानपुर रोड से आने वाले सामान्य यातायात को अमूल तिराहा से अहिमामऊ की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे वाहनों को अमूल तिराहा से ही लूलू मॉल कटिंग के माध्यम से शहीद पथ पर चढ़ाकर आगे भेजा जाएगा। इसी प्रकार सुल्तानपुर रोड से पुलिस मुख्यालय की ओर जाने वाले वाहनों को एचसीएल तिराहा और प्लासियो तिराहा के रास्ते जाने से रोका जाएगा और उन्हें अहिमामऊ चौराहा से दाहिनी ओर मोड़कर वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।कमता शहीद पथ तिराहा से कानपुर की ओर जाने वाले वाहन अहिमामऊ रैम्प से नीचे नहीं उतर सकेंगे। इसके अतिरिक्त कमता से अहिमामऊ चौराहे पर यू-टर्न लेकर कैण्ट, पुलिस मुख्यालय या गोमतीनगर जाने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहनों को शहीद पथ पर सीधे जाकर मेदान्ता अस्पताल के पास यू-टर्न लेना होगा। विशेष रूप से अहिमामऊ चौराहे पर सुबह 09:00 बजे से मैच समाप्ति तक यू-टर्न पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और रैम्प से उतरने वाले वाहनों को केवल बाईं दिशा में जाने की अनुमति होगी।अहिमामऊ चौराहे से प्लासियो की ओर जाने वाला यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को एचसीएल तिराहा, संस्कृत तिराहा और ओवरहेड गोल चक्कर के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। सुल्तानपुर रोड से आने-जाने वाले सभी बड़े वाहन, बस और कामर्शियल वाहनों को अहिमामऊ चौराहा की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी तथा उन्हें कबीरपुर तिराहा से किसान पथ के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।यातायात पुलिस ने यह भी बताया है कि मैच के कारण सुबह 09:00 बजे से रात्रि 20:00 बजे तक शहीद पथ पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहने की संभावना है। ऐसे में कानपुर नगर, एक्सप्रेस-वे, बाराबिरवा तथा अमौसी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को शहीद पथ के स्थान पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।इकाना स्टेडियम की पार्किंग में जाने वाले बड़े वाहन, बस और कामर्शियल वाहनों को अहिमामऊ चौराहा होकर ही प्रवेश करना होगा। साथ ही दर्शकों को यातायात दबाव से बचने के लिए शहीद पथ के बजाय अर्जुनगंज और कैण्ट मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, फायर सर्विस और शव वाहन को चिकित्सकीय अपरिहार्यता की स्थिति में प्रतिबंधित मार्गों पर भी अनुमति दी जाएगी। नागरिक किसी भी आपात स्थिति या यातायात संबंधी जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।यातायात पुलिस, लखनऊ ने सभी नागरिकों से अपील की है कि आईपीएल मैच के दौरान लागू डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

