लखनऊ 10 अप्रैल (आरएनएस )। थाना काकोरी क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक वृद्ध महिला को कथित रूप से रोटी में कीटनाशक मिलाकर खिलाने से मौत होने का आरोप लगा है। घटना के बाद बिना सूचना दिए शव को जमीन में दफना देने का भी मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में बहू और एक अन्य रिश्तेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार दिनांक 10 अप्रैल 2026 को वादी मनोज पुत्र दिर्गज रावत, निवासी ग्राम इब्राहिम गंज, थाना काकोरी द्वारा थाना स्थानीय पर सूचना दी गई कि दिनांक 05 अप्रैल 2026 की शाम को उसकी पत्नी शालिनी देवी ने उसकी माता शांति देवी (उम्र लगभग 65 वर्ष) को रोटी में कीटनाशक दवा मिलाकर खिला दी। आरोप है कि उक्त कीटनाशक दवा शालिनी देवी को उसकी ननद के पुत्र करन पुत्र पप्पू, निवासी ग्राम बरहा ज्ञानपुर, थाना सोहरामऊ, जनपद उन्नाव के कहने पर दी गई थी।बताया गया कि रोटी खाने के कुछ समय बाद शांति देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उपचार का प्रयास किया, लेकिन दिनांक 06 अप्रैल 2026 की रात्रि में उनकी मृत्यु हो गई। आरोप है कि घटना के उपरांत मृतका के शव को बिना किसी प्रशासनिक या पुलिस सूचना के चुपचाप जमीन में दफना दिया गया, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया।प्रकरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना काकोरी पर मु0अ0सं0 129/2026 के तहत धारा 61(2), 103(1) एवं 123 के अंतर्गत शालिनी और करन के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के शव को जमीन से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए माननीय जिलाधिकारी से आवश्यक अनुमति एवं पत्राचार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा, जिससे आगे की कानूनी कार्रवाई को मजबूत आधार मिल सके।पुलिस के अनुसार प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य विधिक एवं साक्ष्यात्मक कार्यवाही निरंतर प्रचलित है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

