तेहरान, 11 अपै्रल। ईरान के सुप्रीम लीडर चुने जाने के बाद से मोजतबा खामेनेई अभी तक सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए हैं। वे केवल सोशल मीडिया पर लिखित में ही बयान जारी कर रहे हैं। इससे उनके स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। अब सामने आया है कि मोजतबा के चेहरे पर गंभीर चोटें हैं और संभवत: उनका एक या दोनों पैर भी काम नहीं कर रहे हैं।
सूत्रों ने मोजतबा के 3 करीबी सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया है कि वे अभी भी उस हवाई हमले में लगी गंभीर चोटों से उबर रहे हैं, जिसमें उनके पिता अली खामेनेई की मृत्यु हो गई थी। सूत्रों के अनुसार, मोजतबा के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उनके एक या दोनों पैरों को भी नुकसान पहुंचा है। बताया जाता है कि हमले में उनका चेहरा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि चोटों के बावजूद मोजतबा की मानसिक स्थिति अच्छी बताई जा रही है और वे शासन-प्रशासन के नियमित कामों में सक्रिय रूप से शामिल हैं। 2 सूत्रों ने बताया कि वे ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकों में शामिल हो रहे हैं और युद्ध और अमेरिका के साथ बातचीत सहित अहम मुद्दों पर निर्णय लेने में अपनी भूमिका निभाते रहे हैं।
28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायली हमले में आयातुल्लाह अली खामेनेई का निधन हो गया था। इसी हमले में मोजतबा भी घायल हुए थे। इसके बाद 8 मार्च को उन्हें ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुना गया। तब से मोजतबा सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाई दिए हैं। 12 मार्च को सरकारी टीवी पर मोजतबा का एक संदेश प्रसारित हुआ था, लेकिन ये पहले से रिकॉर्ड किया गया था। 20 मार्च को उन्होंने फारसी नव वर्ष पर अपना संदेश दिया था।
28 मार्च को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि मोजतबा या तो मर चुके हैं या उनकी हालत बेहद खराब है। 13 मार्च को अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा था कि मोजतबा घायल हैं और संभवत: उनका चेहरा विकृत हो गया है। वहीं, अमेरिकी खुफिया आकलन से परिचित एक सूत्र ने बताया कि खामेनेई का एक पैर कटने की आशंका है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

