New Delhi 12 April, (Rns) /- संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने सभी सांसदों के लिए सख्त निर्देश जारी करते हुए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। इसका मतलब साफ है, 16 से 18 अप्रैल तक कोई भी सांसद गैरहाजिर नहीं रह सकता। 16 से 18 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। पार्टी की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसदों को इन तीनों दिनों में हर हाल में सदन में मौजूद रहना होगा। यहां तक कि केंद्रीय मंत्रियों को भी पूरे समय उपस्थित रहने को कहा गया है
दरअसल, 16 अप्रैल से संसद का तीन दिन का विशेष सत्र शुरू होने जा रहा है। इस सत्र का मुख्य फोकस महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर चर्चा बताया जा रहा है। सरकार इस बिल को आगे बढ़ाने की तैयारी में है, इसलिए पार्टी अपने सांसदों की पूरी मौजूदगी सुनिश्चित करना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार इस बिल से जुड़े दो अहम बदलावों पर विचार कर रही है। पहले जो ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ लाया गया था, उसमें महिला आरक्षण को नई जनगणना और परिसीमन (Delimitation) से जोड़ा गया था। लेकिन जनगणना में देरी होने की वजह से अब 2011 की जनगणना के आधार पर आगे बढ़ने की योजना बन रही है।

