नईदिल्ली,12 अपै्रल (आरएनएस)। उत्तर-पश्चिम भारत में सूरज की तपिश से गर्मी झुलसाने लगी है। पिछले दिनों हुई बारिश का दौर थमने के बाद अब तापमान में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। पहाड़ी और दक्षिण राज्यों में बादल मेहरबान हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित कुछ राज्यों में तापमान 6-8 डिग्री तक बढऩे का अनुमान जताया है। दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल समेत 12 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।
मौसम साफ रहने से रविवार को उत्तर प्रदेश में तापमान 40 डिग्री से तक पहुंच सकता है, वहीं बिहार में भी भीषण गर्मी पडऩे के आसार हैं। राजस्थान के पश्चिमी जिले जैसलमेर, बीकानेर में तापमान 42-44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही लू चलने की संभावना बनी हुई है। 15 अप्रैल को मध्य प्रदेश में नया सिस्टम एक्टिव होगा, जिससे राज्य में गर्मी बढ़ेगी, वहीं छत्तीसगढ़ में भी अगले 5 दिनों में लू चलने के आसार हैं।
दिल्ली समेत एनसीआर में आज सुबह से ही धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। यहां अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। दोपहर के समय गर्म हवाओं के थपेड़े लू जैसा अहसास कराएंगे। इस दौरान कुछ जगह हल्के बादल छाए रहने और 15-20 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने के कारण थोड़ी राहत रहेगी। पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी का प्रकोप चरम पर रहेगा। यहां पारा 41 डिग्री तक जा सकता है।
आईएमडी के अनुसार, पहाड़ी राज्यों में रविवार को आंधड़-बारिश आने की संभावना है। उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बादल बरस सकते हैं, जिससे तापमान में 1-2 डिग्री तक की कमी आएगी। हिमाचल प्रदेश में शनिवार शाम को अटल टनल और मनाली के आस-पास के इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। जम्मू-कश्मीर के डोडा में आज सुबह 4:32 बजे 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। मौसम विभाग ने यहां बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

