नई दिल्ली,12 अपै्रल (आरएनएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने राजधानी में मेट्रो यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए ब्लू लाइन की पुरानी ट्रेनों के मिड-लाइफ रिफर्बिशमेंट का बड़ा अभियान शुरू किया है. इसके तहत वर्षों पुरानी ट्रेनों को आधुनिक तकनीक व नई सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित व आरामदायक सफर मिल सके.
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस अनुज दयाल के मुताबिक, इस कार्यक्रम में रेड व ब्लू लाइन की कुल 70 ट्रेनों का चरणबद्ध तरीके से नवीनीकरण किया जा रहा है. अब तक 31 ट्रेनों का अपग्रेड पूरा हो चुका है. पहले चरण में 12 व दूसरे चरण में 18 ट्रेनों को आधुनिक बनाया जा चुका है, जबकि अगले चरणों में शेष ट्रेनों पर काम जारी रहेगा. तीसरे चरण के तहत नवंबर 2027 तक ब्लू लाइन की 22 ट्रेनों का नवीनीकरण किया जाएगा.
उन्होंने बताया गया कि 2002 से 2007 के बीच शामिल की गई ये ट्रेनें 19 से 24 साल की सेवा पूरी कर चुकी हैं. ऐसे में इन्हें नए मानकों के अनुरूप अपग्रेड करना जरूरी हो गया था, जिससे उनकी विश्वसनीयता बनी रहे और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहें. रिफर्बिशमेंट के दौरान ट्रेनों के अंदरूनी हिस्सों में व्यापक बदलाव किए गए हैं. कोच व चालक केबिन को नए सिरे से पेंट किया गया है. साथ ही टूट-फूट की मरम्मत की गई है. वही इलेक्ट्रिक पैनलों को भी अपग्रेड कर उनकी कार्यक्षमता व भरोसेमंद संचालन सुनिश्चित किया गया है.
यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक यात्री उद्घोषणा व सूचना प्रणाली लगाई गई है, जिसमें एलसीडी स्क्रीन, डायनेमिक रूट मैप व सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं. ये सिस्टम यात्रियों को रूट, समय व अगले स्टेशनों की रियल-टाइम जानकारी देंगे. वहीं आपात स्थिति में ट्रेन ऑपरेटर से संपर्क की सुविधा भी उपलब्ध कराएंगे.
सुरक्षा के लिहाज से सभी कोचों में स्मोक व टेंपेरेचर सेंसर आधारित नए फायर डिटेक्शन सिस्टम लगाए गए हैं. पुराने इलेक्ट्रिकल उपकरणों जैसे रिले व एमसीबी को भी अत्याधुनिक तकनीक से बदला गया है, ताकि संचालन अधिक सुरक्षित व सुचारु हो सके.
इसके अलावा यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मोबाइल व लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट्स भी लगाए गए हैं. नए जम्पर केबल व कनेक्टर्स भविष्य की तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं. डीएमआरसी का कहना है कि इस पहल के जरिए पुरानी ट्रेनों को नई ट्रेनों के बराबर सुविधाओं से लैस किया जा रहा है. इससे दिल्ली मेट्रो में सफर व अधिक सुरक्षित, भरोसेमंद और आरामदायक बन सके.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

