जांजगीर-चांपा,12 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने बीती रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त और विशेष धरपकड़ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।प्रभारी एसपी श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन एवं एएसपी उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में पुलिस टीमों ने एक ही रात में लंबे समय से फरार चल रहे 90 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 29 गिरफ्तारी वारंटी और 61 स्थायी वारंटी शामिल हैं।अभियान के दौरान डकैती के मामले में फरार 2 स्थायी वारंटियों को थाना बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया, जिन्हें बिलासपुर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं लूट, चोरी, महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों को भी पुलिस ने दबोचा है।अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 91 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब एवं देशी प्लेन शराब जब्त कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।इसके अलावा थाना जांजगीर पुलिस ने 5 असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।इस पूरे अभियान में जिले के सभी थानों से अलग-अलग टीमें बनाकर कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई है।पुलिस का कहना है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
त्रिपाठी
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

