*देहरादून में पीएम मोदी के रोड शो की सुरक्षा चाक-चौबंद, कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध*
देहरादून 13 April (Rns)/ । 14 अप्रैल को देहरादून पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम व कार्यक्रम के दौरान होने वाले रोड शो और जनसभा को देखते हुए सुरक्षा में नियुक्त किए गए सभी पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई।
रिजर्व पुलिस लाइन में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डा. वी मुरुगेशन व अन्य उच्चाधिकारियों ने ब्रीफिंग के दौरान कार्यक्रम के लिए किए गए सुरक्षा प्रबन्धों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारी व कर्मचारियों को सजग एवं सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया।
ब्रीफिंग में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था, पुलिस महानिरीक्षक गढवाल रेंज राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था सुनील मीणा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित समय से तीन घंटे पूर्व अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए।

