पुलिस ने लगवा दी दूसरी, तोडऩे वालो की तलाश
प्रयागराज 13 अप्रैल (आरएनएस)। फूलपुर क्षेत्र के सरवाडीह गांव में जन्मदिवस के एक दिन पूर्व डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को अराजकतत्वों ने रविवार मध्य रात्रि के बाद क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह इसकी जानकारी होने के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण इकठ्ठा हो गए। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने स्थिति संभाली और तत्काल नई प्रतिमा लाकर स्थापित कराई। तब जाकर लोगों का आक्रोश थमा।
अराजकतत्वों द्वारा आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने और ग्रामीणों के आक्रोश की जानकारी मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे एसीपी फूलपुर विवेक यादव एवं कोतवाली प्रभारी फूलपुर शेषनाथ पाल ने तत्काल डॉ. आंबेडकर की नई प्रतिमा मंगवाकर विधिवत स्थापना कराई।
डॉ. आंबेडकर की नई प्रतिमा को माल्यार्पण करके सम्मानपूर्वक स्थापित किया गया। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। इस संबंध में एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस घटना में शामिल अराजकतत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

