जलियांवाला बाग की 107वीं बरसी का आजाद पार्क में आयोजन
प्रयागराज 13 अप्रैल (आरएनएस)। जलियांवाला बाग हत्याकांड की 107वीं बरसी सोमवार को प्रयागराज में मनाई गई। चंद्रशेखर आजाद पार्क में आयोजित कार्यक्रम में शहीदों को 21 बंदूकों की सांकेतिक सलामी देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
यह कार्यक्रम अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शहीद- ए- आजम भगत सिंह स्मारक समिति द्वारा आयोजित किया गया था। इसमें शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और देशभक्त बड़ी संख्या में शामिल हुए। शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
उपस्थित लोगों ने चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने जलियांवाला बाग कांड के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे ब्रिटिश अधिकारी रेजिनाल्ड डायर ने निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर अंधाधुंध गोलियां चलवाई थीं, जिसमें सैकड़ों लोग शहीद हुए और हजारों घायल हुए।
सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन अनिल गुप्ता ‘अन्नू भईयाÓ ने इस अवसर पर कहा कि देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में हैं। उन्होंने शहीदों के बलिदान को न भूलने और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शहर के कई प्रमुख लोग उपस्थित थे, जिन्होंने शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। अन्य वक्ताओं ने भी शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति और एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

