सड़क व सीवर निर्माण में अनियमितता, भ्रष्टाचार और बदहाल सड़कों से जनता परेशान, 16 को निकलेगा विरोध मार्च
प्रयागराज 13 अप्रैल (आरएनएस)। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में सीवर लाइन और सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं व भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय नागरिक शामिल होकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने आरोप लगाया कि करीब 21 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों में अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से भारी अनियमितताएं की गई हैं। उनका कहना है कि नगर निगम की कार्यशैली बेहद लापरवाह है—पहले सड़क बनाई जाती है और बाद में उसी को खोदकर सीवर लाइन डाली जाती है, जिससे आम जनता को बार-बार परेशानी झेलनी पड़ रही है।
भाकियू ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। संगठन ने घोषणा की है कि 16 अप्रैल को लगभग 5,000 किसानों और स्थानीय लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में कूड़ा भरकर धरना स्थल से नगर आयुक्त कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला जाएगा।
युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि जब तक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पडऩे पर इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

