-झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने कार्रवाई को बताया अन्यायपूर्ण, निर्दोष कर्मियों की बहाली और एसपी हटाने की मांग
रांची 13 अप्रैल (आरएनएस)। बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना कांड में 28 पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निलंबित किए जाने के फैसले पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताई है। एसोसिएशन ने इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण और अन्यायपूर्ण बताते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए है.एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने कहा कि संबंधित कांड की समीक्षा और कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में नियंत्रण के अभाव और अपनी विफलता को छुपाने के लिए एक साथ 28 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को निलंबित कर दिया गया, जो किसी भी दृष्टिकोण से न्यायोचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झारखंड पुलिस एसोसिएशन अपने सदस्यों के हित और न्याय के लिए हर स्तर तक संघर्ष करने को तैयार है। एसोसिएशन ने मांग की है कि सभी निर्दोष पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल निलंबन से मुक्त किया जाए। साथ ही बोकारो के पुलिस अधीक्षक को अविलंब हटाने की भी मांग की गई है। राहुल कुमार मुर्मू ने यह भी कहा कि जिले में हाल के दिनों में ट्रांसफर-पोस्टिंग में पारदर्शिता का अभाव और अनियमितताएं सामने आई हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर एसोसिएशन जल्द ही पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी साझा करेगा। साथ ही अक्षम वरीय पदाधिकारियों के खिलाफ सरकार और संबंधित प्राधिकार को अवगत कराने की बात कही गई है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

