लखनऊ ,13 अपै्रल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा फेज-2 में चल रहे कर्मचारियों के विरोध के बीच नक्सल साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि यह विरोध सिर्फ वेतन बढ़ोतरी तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे बड़ी साजिश हो सकती है। कई दिन से जारी इस प्रदर्शन के बीच मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ में हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद आदित्यनाथ ने कहा कि श्रमिक कल्याण सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन कुछ ताकतें इसका गलत इस्तेमाल कर सकती हैं। उन्होंने कहा, देश में नक्सलवाद लगभग खत्म हो चुका है, लेकिन इसे फिर से जिंदा करने की कोशिश हो सकती है। इसके बाद गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, कानपुर, मेरठ समेत कई औद्योगिक जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया और अधिकारियों को 24 घंटे में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने विवाद सुलझाने के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कमिश्नर की अगुवाई में काम करेगी और नोएडा पहुंचकर संबंधित पक्षों से बातचीत शुरू कर चुकी है। सरकार के अनुसार, कमेटी हिंसा के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भी जांच करेगी और जल्द अपनी सिफारिशें सौंपेगी, ताकि औद्योगिक शांति बहाल की जा सके।
सोमवार को नोएडा में कर्मचारियों का प्रदर्शन हिंसक हो गया, जहां कुछ लोगों ने तोडफ़ोड़, पत्थरबाजी और वाहनों में आगजनी की। कर्मचारी वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें 12-12 घंटे काम करने के बाद कम वेतन मिलता है। पुलिस ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर में पर्याप्त बल तैनात किया गया है और हालात सामान्य किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

