New Delhi 14 April, (rns) /- राजधानी में बुकिंग के बाद भी कई लोगों की शिकायत है कि सिलिंडर नहीं मिल रहा है। इसकी वजह से रसोई का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। रही सही कसर कालाबाजारी ने खराब कर दी है। मजबूर उपभोक्ता अधिक कीमत देकर सिलिंडर लेने के लिए मजबूर हैं। पूर्वी दिल्ली के, शाहदरा, सीलमपुर, विवेक विहार, आनंद विहार, यमुनाविहार व खजूरी क्षेत्र में लोगों ने बताया कि गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने के बावजूद कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा। एजेंसी संचालक सप्लाई में कमी का हवाला देकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि जानबूझकर सप्लाई धीमी की जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग कराने के बाद भी उन्हें कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। दिहाड़ी मजदूरों के परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ डिलीवरी कर्मी और बिचौलिये अतिरिक्त 500 से 700 रुपये लेकर तुरंत सिलेंडर उपलब्ध करा रहे हैं। जिन लोगों के पास पैसे हैं, उन्हें गैस आसानी से मिल रही है, जबकि आम आदमी लाइन में खड़ा होकर भी खाली हाथ लौट रहा है

