नई दिल्ली,14 अपै्रल (आरएनएस)। राज्यसभा के उप-सभापति पद के लिए 17 अप्रैल को चुनाव होगा. एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि डिप्टी चेयरमैन पद के लिए चुनाव 17 अप्रैल को सुबह 11 बजे होगा.
बयान में कहा गया, राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन का ऑफिस खाली हो गया है. सभापति ने काउंसिल ऑफ स्टेट्स (राज्यसभा) के प्रक्रिया और कार्य संचालन नियम के रूल 7 के तहत, डिप्टी चेयरमैन के पद के चुनाव के लिए शुक्रवार, 17 अप्रैल, 2026 की तारीख तय की है.
राज्यसभा सचिवालय के एक नोटिफिकेशन में कहा गया है, चुनाव उस दिन पेपर्स/रिपोर्ट्स टेबल पर रखने के तुरंत बाद सुबह 11 बजे होगा.
राज्यसभा के सदस्य गुरुवार, 16 अप्रैल को दोपहर 12 बजे तक डिप्टी चेयरमैन के पद के चुनाव के लिए प्रस्ताव का नोटिस दे सकते हैं.
जिन सदस्यों ने अभी तक राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ नहीं ली है, वे भी गुरुवार, 16 अप्रैल को शपथ लेंगे, जब विशेष सत्र के दौरान उच्च सदन की बैठक होगी. इस विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधन पर विचार किया जाएगा.
सूत्रों के मुताबिक, सत्ताधारी एनडीए राज्यसभा के उप-सभापति पद के लिए हरिवंश को फिर से उम्मीदवार बना सकता है. सूत्रों के मुताबिक, सरकार की तरफ से विपक्ष के नेताओं से संपर्क किया गया है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, जेपी नड्डा और पीयूष गोयल गोयल विपक्ष के नेताओं से संपर्क कर रहे हैं. सरकार की तरफ से विपक्ष से हरिवंश के नाम पर आम राय बनाने की कोशिश की जा रही है ताकि चुनाव की जरूरत ना पड़े.
अगर सरकार और विपक्ष में सहमति बनती है तो 16 अप्रैल को राज्यसभा के उपसभापति का चुनाव हो सकता है. अगर आम सहमति नहीं बनी तो 17 अप्रैल को चुनाव होगीा. खबर है कि विपक्ष 15 अप्रैल की बैठक में अपना स्टैंड तय करेगा.
9 अप्रैल को हरिवंश का कार्यकाल खत्म होने के बाद राज्यसभा के उप-सभापति का पद खाली हो गया था. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरिवंश को उच्च सदन के लिए नॉमिनेट किया है और उन्होंने 10 अप्रैल को शपथ ली.
हालांकि, कांग्रेस, टीएमसी और लेफ्ट पार्टियों ने इस बात पर एतराज जताया है कि बीजेपी राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन के पद को भरने के लिए चुनाव कराने में जल्दबाजी दिखा रही है, जबकि लोकसभा में डिप्टी स्पीकर का पद साल 2019 से खाली है.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार राज्यसभा में डिप्टी चेयरमैन की नियुक्ति को बुलडोज करना चाहती है. रमेश ने कहा, जो सरकार सात साल से लोकसभा में डिप्टी स्पीकर नियुक्त नहीं कर रही है, वह चार दिन से भी कम समय में राज्यसभा में डिप्टी चेयरमैन की नियुक्ति बुलडोजर से करवाना चाहती है.
तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओब्रायन ने कहा कि बीजेपी 17 अप्रैल को राज्यसभा में डिप्टी चेयरमैन का चुनाव कराना चाहती थी, जब सांसद अपने राज्यों में चुनावों में व्यस्त हैं और उन्होंने जल्दबाजी पर सवाल उठाया. ओब्रायन ने एक्स पोस्ट में कहा, एक बार फिर संसद का मजाक उड़ाया जा रहा है. उन्होंने कहा, लोकसभा के डिप्टी स्पीकर का पद 2019 से खाली है. भाजपा को राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन का पद भरने की इतनी जल्दी क्यों है, जो सिर्फ 10 दिनों के लिए खाली है.
००

