गोण्डा 15 अप्रैल। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र अंतर्गत गोंडा-लखनऊ मार्ग पर तहसील कर्नलगंज के निकट मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चौरसिया किराना एवं पूजन भंडार दुकान के सामने खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी लपटें पास स्थित दुकान के बरामदे तक पहुंच गईं। घटना होते ही मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोग तत्काल एकत्र हो गए और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से आग को फैलने से काफी हद तक रोक लिया गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दुकान में रखा कुछ सामान भी जल गया, जिससे दुकानदार को हजारों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि आग दुकान और मकान के अंदर तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस एवं संबंधित विभाग मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

