:-पीडि़त पति थाने के लगा रहा चक्कर, मिल रही आश्वासन की घुट्टी।
कर्नलगंज (गोण्डा) 15 अप्रैल। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के सकरौरा ग्रामीण पूरे बैजू पुरवा निवासी एक व्यक्ति की पत्नी अपने चार बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद महिला व बच्चों का कोई सुराग न लगने से परिवार गहरे सदमे में है। पीडि़त पति लगातार थाने के चक्कर काट रहा है। वहीं पुलिस आश्वासन की घुट्टी पिला रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सकरौरा ग्रामीण पूरे बैजू पुरवा निवासी पवन कुमार पुत्र रामदीन यादव ने कोतवाली कर्नलगंज में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह मजदूरी करने के लिए कर्नलगंज बाजार गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी गुडिय़ा (28 वर्ष) अपने चार बच्चों अतुल (9 वर्ष), अभिषेक (8 वर्ष), विवेक (ढाई वर्ष) तथा लक्ष्मी (6 वर्ष) को साथ लेकर 28 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12 बजे घर से कहीं चली गई। शाम को घर लौटने पर पत्नी व बच्चे घर पर नहीं मिले। इसके बाद उसने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पीडि़त द्वारा 4 अप्रैल 2026 को कोतवाली कर्नलगंज में गुमशुदगी की तहरीर दी गई, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक अक्षय कुमार मिश्रा को सौंपी। परिजनों का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी अब तक महिला व बच्चों की बरामदगी नहीं हो सकी है। इससे परिवार चिंतित और परेशान है। पीडि़त ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द पत्नी व बच्चों को सकुशल तलाश कर बरामद किए जाने की मांग की है। वहीं इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है तथा महिला व बच्चों की तलाश के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

