लखनऊ 15 अपै्रल (आरएनएस )।थाना निगोहा क्षेत्र के ग्राम नन्दौली में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मृतका की पहचान रूबी (उम्र लगभग 25 वर्ष), पत्नी सूरज रावत के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 15 अप्रैल 2026 को लगभग 01:30 बजे ग्राम प्रधान के माध्यम से थाना निगोहा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नन्दौली में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना विलंब के मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों द्वारा महिला के शव को पंखे से नीचे उतार लिया गया था।प्राथमिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि 14 अप्रैल 2026 की शाम लगभग 05:00 बजे मृतका का पति सूरज रावत एक शादी समारोह में लकड़ी काटने के लिए ग्राम जमौलिया गया हुआ था। देर रात लगभग 01:00 बजे जब वह वापस अपने घर लौटा तो उसने अपनी पत्नी को घर के बरामदे में पंखे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखकर उसने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारा गया। इसके पश्चात ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह भी ज्ञात हुआ कि मृतका का विवाह लगभग 5 से 6 वर्ष पूर्व हुआ था और उसकी कोई संतान नहीं थी। विवाह की अवधि सात वर्ष से कम होने के कारण प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेट की निगरानी में पंचायतनामा की कार्रवाई कराई गई है। अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं।घटना के समय मृतका के मायके पक्ष के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी एकत्र की है। वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

