लखनऊ 15 अप्रैल (आरएनएस )।थाना आशियाना क्षेत्र के पावर हाउस चौराहे के निकट स्थित विवेक प्लाजा में संचालित मोती महल डीलक्स रेस्टोरेंट में मंगलवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि थाना आशियाना पुलिस एवं दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 15 अप्रैल 2026 को लगभग 11:00 बजे थाना आशियाना को सूचना प्राप्त हुई कि पावर हाउस चौराहे के पास स्थित विवेक प्लाजा भवन के द्वितीय तल पर आग लग गई है। सूचना मिलते ही थाना आशियाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।प्रारंभिक जांच में पाया गया कि विवेक प्लाजा भवन के प्रथम एवं द्वितीय तल पर रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल का संचालन किया जाता है, जिसमें द्वितीय तल पर अचानक आग लग गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही समय में दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंच गईं और पुलिस के साथ मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।पुलिस टीम ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए भवन के भीतर मौजूद सभी कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिए जाने से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने बताया कि सुबह रेस्टोरेंट खोलते समय चिमनी से धुआं निकलता दिखाई दिया था। प्रारंभ में कर्मचारियों ने स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। आग बढऩे पर तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।थाना आशियाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग बुझाने की कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में भी एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।घटना के बाद भवन में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

